BCAS: बीसीएएस ने 22 सितंबर से 2 अक्तूबर 2025 के बीच आतंकी खतरे को देखते हुए देशभर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन की गतिविधियों पर आधारित खुफिया इनपुट के बाद एडवाइजरी जारी की गई है। सभी एजेंसियों को सतर्क रहने, समन्वय बनाए रखने और पहचान जांच व सीसीटीवी निगरानी जैसे सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने को कहा गया है।
विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने सभी संबंधित एजेंसियों और पक्षकारों को निर्देश दिया है कि देश के सभी हवाई अड्डों और हवाई ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए। यह कदम 22 सितंबर से 2 अक्तूबर 2025 के बीच आतंकवादी समूह से संभावित खतरे को देखते हुए उठाया गया है।
विज्ञापन
बीसीएएस ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, हाल ही में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार 22 सितंबर से 2 अक्तूबर 2025 के बीच कुछ असामाजिक तत्वों या आतंकी संगठनों से हवाई अड्डों को खतरा हो सकता है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी हवाई अड्डों, हवाई पट्टियों, हवाई अड्डा क्षेत्रों, वायु सेना स्टेशनों और हेलीपैड जैसी सभी विमानन इकाइयों पर सुरक्षा उपायों को सख्त किया जाए।
सूत्रों के मुताबिक, यह एडवाइजरी एक खुफिया जानकारी के आधार पर जारी की गई है। यह जानकारी पाकिस्तान स्थित एक आतंकी संगठन की संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। चार अगस्त की तारीख वाली इस एडवाइजरी में बीसीएएस ने यह भी कहा है कि स्थानीय पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), खुफिया ब्यूरो (आईबी) और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
बीसीएएस ने यह भी कहा है कि यदि किसी भी तरह की खुफिया जानकारी या चेतावनी मिलती है, तो उसे तुरंत सभी संबंधित पक्षों के साथ साझा किया जाए, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। सुरक्षा उपायों के तहत बीसीएएस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि हवाई अड्डों पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों, ठेकेदारों और आगंतुकों की पहचान की कड़ी जांच की जाए। इसके अलावा, सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से काम कर रहे हों और उनकी लगातार निगरानी की जाए, यह सुनिश्चित किया जाए।