कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह।
- फोटो : सोशल मीडिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वेक्षण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंच सकता है। राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा कि बीबीसी ने अपने 100 से अधिक वर्षों के अस्तित्व में शायद पहली बार इस तरह की कार्रवाई का सामना किया है।
सिंह ने कहा कि बीबीसी के 100 साल के इतिहास में शायद यह पहली बार है कि उसे दुनिया में कहीं भी इस तरह के छापे का सामना करना पड़ा है। उनका गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने 2002 के गुजरात दंगों पर एक वृत्तचित्र बनाया। हालांकि इसमें हर तरफ की आवाजें शामिल थीं। क्या इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान नहीं पहुंचेगा?
कांग्रेस ने बीबीसी कार्यालयों में आयकर सर्वेक्षण संचालन को धमकाने की रणनीति करार दिया और आरोप लगाया कि कार्रवाई से पता चलता है कि मोदी सरकार आलोचना से डरी हुई है।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि भारत में लोकतंत्र संकट का सामना कर रहा है। यह टिप्पणी उन्होंने देश में बीबीसी के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वेक्षण के बाद की।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय जनसंघ (बीजेएस) के रूप में अपने पहले अवतार में आपातकाल (1975-77) का विरोध किया था, लेकिन अब वही संगठन न्यायपालिका और मीडिया को निशाना बना रहा है।
राउत ने कहा कि जब सरकार या प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जाते हैं, तो इस तरह के छापे पड़ते हैं (बीबीसी कार्यालयों में आई-टी सर्वेक्षण का जिक्र करते हुए) या गिरफ्तारियां की जाती हैं। इस देश में लोकतंत्र संकट में है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान जब अखबारों पर सेंसरशिप थोप दी गई थी, तब भाजपा (अपने पिछले अवतार में बीजेएस) ने इसके खिलाफ आंदोलन किया था। अब जब उनकी सरकार सत्ता में है, तो वे न्यायपालिका और मीडिया को निशाना बना रहे हैं।
बीबीसी कार्यालयों के सर्वेक्षण से जुड़े सवाल टाल गए नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वेक्षण से जुड़े सवालों को टाल दिया। अपनी ‘समाधान यात्रा’ के तहत बिहार के समस्तीपुर जिले पहुंचे कुमार से पत्रकारों ने बीबीसी कार्यालयों के सर्वेक्षण के बारे में सवाल पूछे थे। कुमार ने कहा कि वो तो चलता रहता है; ऐसी चीजें होती रहती हैं। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार सरकार की सहयोगी कांग्रेस और बाहर से समर्थन दे रही माकपा ने बीबीसी कार्यालयों के सर्वेक्षण की तीखी आलोचना की है।