असम राइफल्स ने पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में एक म्यांमार नागरिक को प्रतिबंधित मेथमफेटामाइन गोलियां की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2.22 किलोग्राम वजन की 6.67 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की गोलियां जब्त की गई हैं।
मिजोरम के पूर्वी जिले चम्फाई में प्रतिबंधित मेथामफेटामिन टैबलेट्स की बड़ी खेप जब्त की गई है। असम राइफल्स ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि इस कार्रवाई में एक म्यांमार नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।
2.22 किलोग्राम की 20,200 मेथमफेटामाइन गोलियां हुई बरामद
इसमें कहा गया कि गुप्त सूचना के आधार पर अर्धसैनिक बल ने मिजोरम पुलिस के सहयोग से 29 जून को जिले के जोखावठर गांव में संयुक्त रूप से एक जांच चौकी स्थापित किया था। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से 2.22 किलोग्राम वजन की 20,200 मेथमफेटामाइन गोलियां बरामद की गई। उन्होंने बताया कि तस्कर से जब्त की गई गोलियों की कीमत 6.67 करोड़ रुपये से अधिक है।
तंत्रिका तंत्र को पहुंचाता है नुकसान
मेथामफेटामिन एक अत्यंत नशीला पदार्थ है, जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है और ये भारत में प्रतिबंधित है। जब्त की गई टैबलेट्स और आरोपी को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाही के लिए जोखावथर में मिजोरम पुलिस को सौंप दिया गया है।