त्रिपुरा पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से भारत आने वाले 12 बांग्लादेशी और तीन भारतीय दलालों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े दलालों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। गिरफ्तार लोगों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पकड़े गए लोगों की पहचान चपई नबाबगंज के रहने वाले सोहेल राणा, नूरमान अली, हामिद अली, लिटन अली और सलीम रियाज के रूप में हुई है।
बांग्लादेशी नागरिकों के समूह की गुप्त सूचना पर कार्रवाई
त्रिपुरा पुलिस के अधिकारी ने बताया कि पश्चिम त्रिपुरा जिले के बामुतिया इलाके में सात बांग्लादेशी नागरिकों और उनके भारतीय मददगार को गिरफ्तार किया गया। लेफुंगा ताना प्रभारी सहदेव दास ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बेरीमुरा में एक ऑटो पर बांग्लादेशी नागरिकों के समूह की मौजूदगी की सूचना मिली। गुप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। वाहन तलाशी के दौरान सात बांग्लादेशी नागरिकों और एक भारतीय दलाल को हिरासत में लिया गया।
भारतीय दलाल समेत बांग्लादेशी लोगों की गिरफ्तारी
पकड़े गए बांग्लादेशी लोगों की पहचान एमडी अब्दुल्ला, एमडी मुजीबुर रहमान, एमडी सहलाल, एमडी सिफात, एमडी रुबेल इस्लाम, एमडी हसमत अली और एमडी अब्दुर रहमान के रूप में हुई है। भारतीय दलाल और ऑटो चालक की पहचान जीबन बैश्य के रूप में हुई है।