मौसम के मिजाज इस बार किसी को समझ नहीं आ रहे हैं। कभी इतनी गर्मी पड़ती है कि जीना भी मुहाल हो जाता है तो कभी बारिश कहर बनकर टूटती है। उत्तर भारत में जहां गर्मी से बुरा हाल है तो असम में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ ने कहर बरपा रखा है। अब कर्नाटक के बेंगलुरु का भी यही हाल है। यहां कुछ घंटों की बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पनप रहे हैं। रिहाइशी इलाकों में पानी भर गया है। सड़कें जलमग्न हैं। लोगों के घरों में पानी भर गया है। आलम यह है कि सड़क पर घुटनों तक पानी भर चुका है।
दो मजदूरों की मौत
बारिश के बाद बेंगलुरु में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बेंगलुरु के डीसीपी वेस्ट संजीव पाटिल ने बताया उल्लाल उप्पनानगर उपकार लेआउट बस स्टैंड के पास कल रात भारी बारिश के बाद बिहार और यूपी के दो मजदूर पाइपलाइन कार्य स्थल में मृत पाए गए। उन्हाेंने बताया पाइपलाइन मरम्मत के लिए तीन व्यक्ति गए थे। इसमें एक को बचा लिया गया है। इसके अलावा बारिश के कारण यहां बाढ़ जैसे हालात हैं, कई जगहों पर पेड़ भी उखड़ गए हैं।
कर्नाटक में अगले कुछ दिन भारी बारिश
कर्नाटक मौसम विभाग प्रमुख डॉ. गीता अग्निहोत्री ने बताया कि राज्य के तटीय क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की उम्मीद है। उन्होंने बताया 20 से 22 मई तक भारी बारिश होगी। वहीं राज्य के उत्तरी हिस्से में अगले 2 दिनों के लिए व्यापक बारिश की संभावना है। इसके बाद छिटपुट बारिश के आसार हैं। दक्षिणी हिस्से में इस सप्ताह तेज बारिश के आसार जताए गए हैं।
एक दिन में हुआ यह हाल
भीषण गर्मी के बीच बेंगलुरु में मंगलवार को मौसम सुहाना रहा। यहां झमाझम बारिश हुई। हालांकि, यह बारिश कुछ ही देर में कहर बरपाने लगी। बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया और स्थिति बाढ़ जैसी बन गई। सड़कों पर खड़ी गाड़ियां पानी में डूब गई हैं। हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।
मेट्रो सेवा भी प्रभावित
बारिश के कारण बेंगलुरु में मेट्रो सेवा भी प्रभावित हुई है। कई इलाकों में पानी भरने के कारण बिजली ठप हो गई है। इसके कारण मेट्रो की आवाजाही को भी रोकना पड़ा है। बताया जा रहा है कि पर्पल लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा है। वहीं ट्रांसफॉर्मर ट्रिपिंग की वजह से कई इलाकों की बिजली भी गुल होने की शिकायत मिली।
केरल के सात जिले में ऑरेंज अलर्ट
केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश शुरू हो गई है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के सात जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। वहीं गुरुवार को कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया। कोट्टायम में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव देखा जा रहा है। कुछ हिस्सों में घरों में भी पानी घुस गया है। बिजली लाइनें भी बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े रहा है।
असम में बाढ़ के बीच फंसे रेल यात्रियों को रेलटेल की वाईफाई से मिली मदद
असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसी गुवाहाटी एक्सप्रेस और गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार 1,000 से अधिक यात्रियों को स्टेशन पर रेलटेल की वाई-फाई सुविधा से मदद मिली, जहां मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से चरमरा गया था। रेलवे के उपक्रम ने बुधवार को यह जानकारी दी। रेलटेल ने पिछले हफ्ते असम में लामडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड पर फंसी दो ट्रेन के यात्रियों को स्टेशन वाई-फाई का उपयोग करके संचार प्रदान करने के लिए विशेष व्यवस्था की, क्योंकि भारी बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्र में सभी ऑपरेटर की मोबाइल सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई थीं।
मानसून के दौरान नुकसान से बचने के लिए बेहतर रूप से तैयार रहें राज्य: केंद्र
केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से कहा कि वे मानसून के दौरान बाढ़, चक्रवात और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के लिए बेहतर तरीके से तैयार रहें। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आपदा प्रबंधन विभागों के राहत आयुक्तों और सचिवों के वार्षिक सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने पूरे वर्ष चौबीसों घंटे तैयारी सुनिश्चित करने के लिए क्षमता और प्रतिक्रिया सजगता के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।