कोलकाता में खड़ा एअर इंडिया का विमान
- फोटो : PTI
एअर इंडिया की 13 उड़ानें रद्द
इससे पहले एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद बढ़ी सुरक्षा जांच और विमान की अनुपलब्धता समेत अन्य कारणों से मंगलवार को सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें से छह की वापसी भी रद्द हो गई है, जिससे रद्द उड़ानों की संख्या 13 हो गई। यह सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान की उड़ान थीं।
इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि विमानों की तकनीकी खामियों या अनुपलब्धता की वजह से पिछले छह दिन में 12 से 17 जून तक एअर इंडिया की कुल 248 ड्रीमलाइनर उड़ानों में से 66 रद्द करनी पड़ीं। इस दौरान एअर इंडिया ने 462 बड़े विमानों का संचालन किया, जिनमें 83 उड़ानें रद्द हुईं।
डीजीसीए के अनुसार, मंगलवार को जिन उड़ानों को रद्द किया गया, उनमें अहमदाबाद-लंदन, लंदन-अमृतसर, दिल्ली-दुबई, बंगलूरू-लंदन, दिल्ली-वियना और दिल्ली-पेरिस की उड़ानें शामिल हैं। वहीं, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे विमान को तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता में ही उतार दिया गया और इसकी आगे मुंबई तक और फिर वापसी की यात्रा रद्द कर दी गई है। इन उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। गैटविक-लंदन से अमृतसर की उड़ान एआई-170 को भी मंगलवार को रद्द कर दिया गया।
लखनऊ-मुंबई उड़ान रद्द: एअर इंडिया
एअर इंडिया ने बुधवार को बताया कि उसने परिचालन संबंधी कारणों और उड़ान के मार्ग में परिवर्तन के कारण 17 जून को निर्धारित अपनी लखनऊ-मुंबई उड़ान को रद्द कर दिया है। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य लखनऊ तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
दरअसल, 17 जून को निर्धारित मुंबई से लखनऊ के लिए एअर इंडिया की उड़ान AI2491 को रद्द कर दिया गया था। एयरलाइन ने कहा कि दिल्ली में भारी बारिश के कारण उड़ानों के मार्ग में परिवर्तन के कारण भी उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डायवर्ट की गई उड़ानों के देरी से पहुंचने के कारण परिचालन दल अपनी विनियामक उड़ान ड्यूटी समय सीमा तक पहुंच गया।
पहले परिचालन समस्याओं के कारण रद्द होना बताया
- अहमदाबाद-लंदन मार्ग पर रद्द एअर इंडिया की उड़ान पहले एआई-171 कोड के साथ चलती थी। हादसे के बाद इसे बदलकर एआई-159 दिया गया था।
- 17 जून को अहमदाबाद हवाईअड्डे के अधिकारी ने यात्रियों को बताया कि परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण उड़ान संख्या एआई-159 रद्द हो गई है।
- बाद में, एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, किसी तकनीकी समस्या के कारण नहीं, बल्कि विमानों की कमी के कारण उड़ान रद्द की गई है।
- उड़ानों में देरी या निरस्तगी की समय से सूचना देने के निर्देश
- डीजीसीए ने कहा, एअर इंडिया के अधिकारियों के साथ विमानों के रखरखाव, विलंब, हवाई क्षेत्र प्रतिबंध, यात्रियों की शिकायतों, बोइंग 787 के बेड़े की निगरानी और परिचालन के बारे में चर्चा की गई।
- कई देशों में वायु क्षेत्र बंद होने या उड़ान प्रतिबंध लागू होने से असर पर भी चर्चा की गई। ईरान-इस्राइल संघर्ष के कारण भी उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ रहा है, जिससे भी इनमें देरी हो रही है या रद्द करना पड़ रहा है।
- एअर इंडिया को निर्देश दिया कि उड़ानों में देरी, रद्द होने की सूचना यात्रियों को समय से दी जाए।
बोइंग 787 की जांच में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं मिली: डीजीसीए
डीजीसीए के अधिकारियों ने मंगलवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। यह बैठक इन एयरलाइनों की परिचालन मजबूती की समीक्षा करने तथा सुरक्षा और यात्री सेवा नियमों का निरंतर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए बुलाई गई थी। बयान में कहा गया है कि एअर इंडिया के बोइंग-787 बेड़े की हाल ही में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और संबंधित रखरखाव प्रणालियां मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गईं।