फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

BSP: क्या चंद्रशेखर की सक्रियता से बसपा को बदलनी पड़ी अपनी रणनीति, अगले 90 दिनों में दिखेंगे ये बड़े बदलाव

आशीष तिवारी
Updated Fri, 12 Jul 2024 07:30 PM IST

सार

बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी में बड़े बदलाव करने के संदेश दे दिए हैं। जिस तरीके से कुछ जिलों की बसपा इकाइयों में 60 फ़ीसदी दलितों को जिम्मेदारियां दी गई हैं, उसे मायावती की अगली रणनीति का अंदाजा हो रहा है। बहुजन समाज पार्टी ने दलितों के बाद पिछड़ों पर बड़ा दांव लगाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
बड़े बदलावों की ओर बसपा। - फोटो : अमर उजाला


बहुजन समाज पार्टी में लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी में बड़े बदलाव करने के संदेश दे दिए हैं। जिस तरीके से कुछ जिलों की बसपा इकाइयों में 60 फ़ीसदी दलितों को जिम्मेदारियां दी गई हैं, उसे मायावती की अगली रणनीति का अंदाजा हो रहा है। बहुजन समाज पार्टी ने दलितों के बाद पिछड़ों पर बड़ा दांव लगाया है। राजनीतिक जानकार और वरिष्ठ पत्रकार प्रभात कुमार कहते हैं कि मायावती का यह सियासी फैसला अगर पूरे संगठनात्मक स्तर पर बड़े फेरबदल के लिहाज से अपनाया जाता है, तो इसके दूरगामी परिणाम देखे जा सकते हैं। प्रभात कहते हैं कि दरअसल इस लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से पीडीए के फॉर्मूले से समाजवादी पार्टी ने एतिहासिक जीत दर्ज की है। उसी तर्ज पर बहुजन समाज पार्टी का शुरुआती संगठनात्मक फेरबदल वाला ढांचा नजर आ रहा है।




बहुजन समाज पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें, तो पार्टी के भीतर इस बात की चर्चा पहले से ही की जा रही है। कहा यही जा रहा है कि आने वाले दिनों में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती बसपा आंदोलन को मजबूत करने के लिए बड़े बदलाव करने वाली हैं। पार्टी से जुड़े नेताओं का मानना है कि अगले कुछ दिनों के भीतर मायावती की नई रणनीति के मुताबिक ही संगठन के भीतर अन्य पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी। सियासी जानकार भी मानते हैं कि मायावती को आने वाले चुनावों से पहले अपने संगठन में बड़े बदलाव करने की बेहद आवश्यकता भी है। राजनीतिक जानकार और वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र शुक्ला कहते हैं कि मायावती ने जिस तरीके से अपने भतीजे आकाश आनंद को दोबारा जिम्मेदारियां दी थीं, उससे अहसास हो गया था कि जल्द ही बदलाव देखने को मिलेंगे। शुक्ल कहते हैं कि हाल में जिला इकाइयों में हुई नियुक्तियों की तस्वीर बताती है कि आने वाले दिनों में बसपा किस तरीके से दलित और पिछड़ों को साध कर अपना पूरा स्ट्रक्चर तैयार करने वाली है।


हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस तरीके से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नगीना से सांसद चंद्रशेखर सियासत को आगे बढ़ा रहे हैं, वह बसपा के लिए चिंता का विषय है। बृजेंद्र शुक्ला कहते हैं कि इसमें भी कोई दो राय नहीं होनी चाहिए कि बहुजन समाज पार्टी, जो अपनी रिस्ट्रक्चरिंग कर रही है, उसमें चंद्रशेखर की सक्रियता भी एक प्रमुख वजह है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बहुजन समाज पार्टी के वोट बैंक में अभी तक जितनी सेंधमारी भारतीय जनता पार्टी ने की थी, उसका पूरा हिसाब-किताब इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर कर दिया। कुल मिलाकर पूरा नुकसान बहुजन समाज पार्टी का ही हुआ। राजनीतिक जानकार प्रभात कुमार कहते हैं कि सिर्फ भाजपा सपा और कांग्रेस ही नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में मायावती के वोट बैंक में बड़ी सेंधमारी चंद्रशेखर भी करने वाले हैं। यही वजह है कि बहुजन समाज पार्टी को अपने कोर वोट के साथ-साथ सियासी जनाधार बढ़ाने के लिए रणनीति में बड़े बदलाव की आवश्यकता है। उसी आधार पर बहुजन समाज पार्टी अब काम करने में जुट गई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next