9 अगस्त को बाबुल सुप्रियो की शादी है।
आसनसोल सीट से भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो नई दिल्ली में 9 अगस्त को अपनी शादी के स्वागत समारोह के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निजी तौर पर आमंत्रित करेंगे। इसके साथ ही सुप्रियो ममता से उपहार के तौर पर आसनसोल जिले को अलग राज्य का दर्जा चाहते हैं।
दरअसल, इससे पहले सोमवार को बाबुल सुप्रियो ने एअर होस्टेस रचना शर्मा के साथ शादी करने के फैसले का एलान किया था। उस समय मीडिया ने सुप्रियो से सवाल किया था कि वे शादी के मौके पर ममता से उपहार के तौर पर क्या लेना पसंद करेंगे। इस पर सुप्रियो ने जवाब दिया कि वे चाहते हैं कि ममता आसनसोल को शीघ्र अलग जिले का दर्जा दे दें। यही उनका उपहार होगा। यह महज संयोग ही है कि उसके अगले ही दिन ममता ने झारग्राम में एक प्रशासनिक बैठक में आसनसोल व झारग्राम को शीघ्र नए जिले का दर्जा देने का फैसला दोहरा दिया।
बाबुल ने इसे अपनी शादी का उपहार करार देते हुए कहा था कि स्थानीय लोग लंबे अरसे से आसनसोल को नए जिले का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। अब ममता बनर्जी के उक्त फैसले को लागू होने के बाद लोगों की कई दिक्कतें दूर हो जाएंगी। सुप्रियो कहते हैं कि आसमान के रास्ते सफर के दौरान उनके जीवन में कई अहम मोड़ आए हैं। पहले वे विमान में सफर के दौरान योग गुरु बाबा रामदेव से मिले थे। उन्होंने बाबुल को भाजपा के टिकट पर आसनसोल संसदीय सीट से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी और अब अपने जीवन में आने वाली इस दूसरी महिला से भी उनकी मुलाकात उड़ान के दौरान ही हुई।