समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। पार्टी के एक कार्यकर्ता के सेल्फी लेने पर आजम ने कहा कि रोजाना दो से तीन हजार लोग सेल्फी के लेने के चक्कर में जान गंवा रहे हैं। आजम पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गोष्ठी कर रहे थे।
बता दें कि पीएम मोदी उन नेताओं में शुमार माने जाते हैं जो मौके-मौके पर स्मार्टफोन से सेल्फी लेने में नहीं हिचकिचाते हैं। पीएम मोदी को अक्सर समारोहों में या छात्रों के बीच सेल्फी लेते हुए देखा गया है।
अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भी पीएम मोदी प्रवासी भारतीयों और विदेशी नेताओं के साथ सेल्फी लेने से नहीं चूकते हैं।
आजम खान का मानना है कि पीएम की सेल्फी लेने की आदत से देश के युवाओं को बढ़ावा मिल रहा है और वे भी इसके आदती हो रहे हैं। कई दफा जोखिम भरी जगहों पर सेल्फी लेते हुए वे अपने आस-पास ध्यान नहीं दे पाते हैं और हादसों का शिकार हो जाते हैं।