आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार से 28 फरवरी तक 75 बिंदुओं पर 75 शहरों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के साथ 12 विभाग व मंत्रालय एक मंच पर वैज्ञानिक उपलब्धियों का उत्सव मनाएंगे। साथ ही 2047 के स्वर्णिम महोत्सव की रूपरेखा भी तय होगी।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आज से प्रदर्शनी
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मंगलवार से विज्ञान और प्रौद्योगिकी मेगा एक्सपो (प्रदर्शनी), राष्ट्रीय विज्ञान पुस्तक मेला और विज्ञान साहित्य उत्सव शुरू हो रहा है। इसमें विज्ञान लेखकों, संचारकों, कलाकारों, कवियों, नाटककारों, नुक्कड़ नाटक समेत विज्ञान गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इन भाषाओं में होगा आयोजन
कार्यक्रम कश्मीरी, डोगरी, पंजाबी, गुजराती, मराठी, कन्नड़, मलयालम, तमिल, तेलुगु, उड़िया, बंगाली, असमिया, नेपाली, मैथिली, मणिपुरी समेत विभिन्न भारतीय भाषाओं में किया जाएगा। भारतीय भाषाओं को यहां जोड़ने का मकसद आम आदमी को उसी की भाषा में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की जानकारी देना है।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विजेताओं का सम्मान
विज्ञान सर्वत्र पूज्यते के तहत mygov.in के माध्यम से निबंध, नारा, कविता लेखन, पोस्टर, लघु फिल्म, ऑनलाइन विज्ञान प्रौद्योगिकी प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थीं। इन प्रतियोगिताओं के 75 विजेताओं को 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर पुरस्कार दिया जाएगा। यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में होर्गा।