इस साल पांच राज्यों यानि कि पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। बुधवार को चुनाव आयोग ने चुनावों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक बुलाई है। ऐसा बताया जा रहा है कि अप्रैल-मई में चुनाव संपन्न कराए जा सकते हैं।
चुनाव आयोग ने चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका तैयार कर लिया है। आयोग ने सुबह 11 बजे बैठक बुलाई है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस बैठक में पांचों राज्यों में होने वाले चुनावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बैठक के बाद चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव की तारीखों का एलान कर देगा।
बंगाल में संवेदनशील बूथों की पहचान
चुनाव आयोग की इस बैठक में पुलिस और सीआरपीएफ की तैनाती पर भी चर्चा की जाएगी। विशेष तौर पर पश्चिम बंगाल को लेकर चर्चा की जाएगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, यहां करीब 6,400 पोलिंग बूथ संवेदनशील हैं। गुरुवार को उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन दो दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल जा रहे हैं।
केंद्रीय बलों की 250 कंपनियों की तैनाती शुरू
इससे दो दिन पहले केंद्र सरकार के साथ चुनाव आयोग की बैठक हुई थी। इस बैठक के बाद केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की ढाई सौ कंपनियों की तैनाती करनी शुरू कर दी थी। इन कंपनियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल हैं।