असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
- फोटो : एएनआई
असम सरकार ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLAD) के तहत किए गए कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के लिए असम सिविल सेवा (एसीएस) के चार अधिकारियों को शनिवार को निलंबित कर दिया। सीएम के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ ने आरोपों की जांच की थी, जिसमें 2021-22 और 2022-23 के लिए राज्यसभा सांसद अजीत कुमार भुइयां के एमपीलैड के तहत किए गए कार्यों में गड़बड़ी का पता चला था।
असम सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विभागीय कार्यवाही लंबित रहने तक सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में गृह एवं राजनीतिक विभाग में उप सचिव शर्मिष्ठा बोराह भी शामिल हैं, जो उस समय निर्माण समिति की अध्यक्ष थीं।
इसके अलावा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर और कामरूप मेट्रोपॉलिटन के सहायक आयुक्त सुकन्या बोरा और हेमंत कुमार दत्ता को निलंबित कर दिया गया है। तिनसुकिया जिला परिषद के वर्तमान में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुनिंद्र बारदोलोई को निलंबित किया गया है, जो अनियमितता के समय कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के जिला विकास आयुक्त थे।
धन की हेराफेरी के आरोप में आईएएस अधिकारी निलंबित
असम सरकार ने वित्तीय अनियमितताओं और धन की हेराफेरी के मामले में एक आईएएस अधिकारी सेवाली देवी शर्मा को निलंबित कर दिया है। शर्मा, असम सरकार के कृषि विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत थीं। असम सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में शनिवार को कहा गया है कि शर्मा के एससीईआरटी की कार्यकारी अध्यक्ष व सह निदेशक के कार्यकाल के दौरानवित्तीय अनियमितताओं के मामले में यह कार्रवाई की गई।