असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
- फोटो : सोशल मीडिया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी ही सरकार में मंत्री संजय किशन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। किशन को यह नोटिस उनकी उस माफी के लिए जारी किया गया है जो उन्होंने प्रतिबंधित उल्फा (आई) के प्रमुख को झूठा कहने के बाद मांगी थी।
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार एक आधिकारिक सूत्र ने रविवार को बताया कि सरमा ने यह नोटिस शनिवार को जारी किया था।
अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि चाय जनजाति और रोजगार मंत्री किशन को नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री ने किशन से इस बात पर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है कि उन्होंने उल्फा (आई) से माफी क्यों मांगी।
उल्फा (आई) ने दी थी बहिष्कार की धमकी
तिनसुकिया विधानसभा से विधायक संजय किशन ने 13 मई को उल्फा (आई) के प्रमुख परेश बरुआ को झूठा कहा था। इसके अगले दिन संगठन ने एक बयान जारी करते हुए माफीनामे की मांग की थी। संगठन ने डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया में किशन का बहिष्कार सुनिश्चित करने की धमकी देते हुए उन्हें माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया था।
उस समय किशन ने कहा था कि मैंने बरुआ की भावनाओं को आहत करने के लिए कुछ नहीं कहा था और अगर अनजाने में मैंने ऐसा कुछ कह दिया है तो मैं उसके लिए माफी मांगता हूं। इसके बाद उल्फा (आई) ने एक और बयान जारी किया था और भाजपा नेता के बहिष्कार के कदम को वापस लेने की बात कही थी।
उल्फा (आई) ने पिछले साल सरमा के मुख्यमंत्री बनने के बाद सरकार के साथ सर्वसम्मति से संघर्ष विराम का एलान किया था।