असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के दो विधायकों ने टिकट न मिलने के कारण बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। ये विधायक दिलीप कुमार पॉल और शिलादित्य देव हैं। जानकारी के अनुसार सिलचर से विधायक पॉल अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इस विधानसभा सीट से भाजपा ने दीपायन चक्रवर्ती का उम्मीदवार चुना है।
वहीं, होजाई से विधायक शिलादित्य देव की जगह पार्टी ने रामकृष्ठ घोष पर भरोसा जताया है। टिकट न मिलने पर देव ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, 'आखिरकार मुझे भाजपा से निकाल बाहर किया गया।' देव प्रवासी मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और अपनी पार्टी के सदस्यों पर टिप्पणी करने के लिए जाने जाते हैं।
बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव इस बार तीन चरणों में होगा। इसके पहले चरण का मतदान 27 मार्च को, दूसरे चरण का मतदान दो अप्रैल को और तीसरे चरण का मतदान छह अप्रैल को होगा। मतगणना दो मई को होगी। चुनाव सुरक्षित तरीके से हों इसके लिए केंद्रीय सशस्त्र अर्द्धसैनिक बलों की 40 कंपनियां तैनात की जाएंगी।
एक लाख से ज्यादा मतदाता नहीं डाल पाएंगे वोट
असम के एक लाख से ज्यादा मतदाता वोट नहीं डाल सकेंगे। राज्य में तीन चरणों में होने वाले चुनाव में 1.08 लाख वोटर संदिग्ध माने गए हैं, इसलिए उन्हें मतदान की अनुमति नहीं होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी नितिन खाड़े ने बताया है कि पिछले साल विधानसभा में उपलब्ध कराई गई संदेहपूर्ण मतदाताओं की संख्या 1.13 लाख थी।