दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने शनिवार को गुजरात में चुनावी अभियान की शुरुआत रोड शो से की। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि दोस्तों मुझे राजनीति करनी नहीं आती, मुझे भ्रष्टाचार खत्म करना आता है। हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। पंजाब में भगवंत मान ने 10 दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोई पैसे मांगता है तो कहते हैं केजरीवाल आ जाएगा। पंजाब में कोई पैसे मांगता है तो कहते हैं भगवंत मान आ जाएगा, इन्होंने 10 दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। गुजरात में भाजपा को 25 साल हो गए, यहां पर भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ।
इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि 25 साल सत्ता में रहने के कारण भाजपा अहंकारी हो गई है और लोगों को आम आदमी पार्टी को एक मौका देना चाहिए जैसा दिल्ली और पंजाब के लोगों ने दिया।
अहमदाबाद शहर के निकोल क्षेत्र स्थित खोडियार माता मंदिर में पूजा करने के बाद दोनों नेता रथ की शक्ल में तैयार एक ट्रक पर सवार हुए और दो किलोमीटर लंबी दूरी में रोड शो किया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों तरफ आप कार्यकर्ता तिरंगा थामे अपने नेताओं का हौसला बढ़ा रहे थे।
रोड शो को तिरंगा गौरव यात्रा नाम दिया गया था। रथ पर दोनों मुख्यमंत्रियों के अलावा गुजरात के आप नेता इसुदन गढवी और गोपाल इटालिया भी सवार थे। इससे पहले दोनों नेताओं ने साबरमती के गांधी आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
केजरीवाल, मान ने किया साबरमती आश्रम का दौरा
इससे पहले अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम का दौरा किया। दोनों गांधी जी की प्रतिमा पर नतमस्तक हुए। इस दौरान उन्होंने चरखा भी चलाया। केजरीवाल ने विजिटर्स बुक में लिखा कि आश्रम एक आध्यात्मिक स्थान है। ऐसा प्रतीत होता है जैसे यहां गांधीजी की आत्मा बसती है। यहां आकर आध्यात्मिक अनुभूति होती है।
उन्होंने लिखा, मैं खुद को धन्य मानता हूं कि मैंने उस देश में जन्म लिया जहां गांधी जी पैदा हुए। वहीं, मान ने कहा कि गांधी जी के आश्रम आकर बहुत कुछ देखने को मिला जो देश की आजादी की लड़ाई के दौरान इस्तेमाल किया गया। आज आजाद देश में रहकर हम सभी क्रांतिकारियों के बलिदान को याद रखना होगा। गांधीजी के आदर्श सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को प्रेरणा देते हैं। दोनों मुख्यमंत्रियों ने हृदय कुंज का भी दौरा किया।
छत से गिरने से बचाया गया शख्स
गुजरात के अहमदाबाद में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान के रोड शो के दौरान एक व्यक्ति एक जर्जर मकान की छत से यह सब देख रहा था, इसी दौरान उसे छत से गिरने से बचा लिया गया।