पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा दो निहत्थे नागरिकों की हत्या पर सेना प्रमुख ने कहा, 'हम इस तरह की बर्बर गतिविधियों का सहारा नहीं लेते हैं और एक बहुत ही पेशेवर ताकत के रूप में लड़ते हैं। हम सैन्य रूप से ऐसी परिस्थितियों से उचित तरीके से निपटेंगे।'
सियाचिन है महत्वपूर्ण
जनरल नरवणे ने कहा सियाचिन को लेकर कहा, सियाचिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है जहां एक फॉर्मेशन पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों की देखभाल कर रहा है। यह रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है। यह वहीं है जहां सांठ-गांठ हो सकती है।
निराधार साबित हुईं शिकायतें
कश्मीर घाटी में तैनात सेना के अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों पर सेना प्रमुख ने कहा, 'जमीन पर कमांडर के जजमेंट (निर्णय) कॉल का सम्मान किया जाना चाहिए। जो भी शिकायतें दर्ज हुई थीं वह सभी निराधार साबित हुई हैं।'
100 महिला जवानों के पहले बैच का प्रशिक्षण शुरू
सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने सेना में अधिकारियों की कमी पर कहा, अधिकारियों की कमी है लेकिन ऐसा नहीं है क्योंकि इसके लिए आवेदन करने वाले लोगों की कमी है। हमने बल में अधिकारियों के चयन के लिए मानकों को कम नहीं किया है। छह जनवरी से 100 महिला जवानों के पहले बैच का प्रशिक्षण सैन्य पुलिस में शामिल होने के लिए शुरू हो गया है।
उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर समान ध्यान देने की जरुरत
पाकिस्तान और चीन सीमा पर सेना को संतुलित करने की आवश्यकता पर सेना प्रमुख ने कहा, 'संतुलन की आवश्यकता है क्योंकि उत्तरी और पश्चिमी दोनों सीमाओं पर समान ध्यान देने की आवश्यकता है।' तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि हम पहले की तुलना में आज ज्यादा बेहतर तरीके से तैयार हैं।
नरवणे ने बताया अल्पावधि और दीर्घकालिक खतरा
सेना की परिचालन प्राथमिकताओं पर सेनाध्यक्ष ने कहा, 'जहां तक भारतीय सेना का सवाल है हमारे लिए अल्पावधि खतरा घुसपैठ को रोकने के लिए की जाने वाली कार्रवाई है। वहीं दीर्घकालिक खतरा पारंपरिक युद्ध है और इसकी हम तैयारी कर रहे हैं।'