पुलगांव अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़ी
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में पुलगांव स्थित केंद्रीय आयुध डिपो से तीन और शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही इस डिपो में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि तीनों शव डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि बरामद किए गए शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सैन्य अभियानों के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि आग के कारण का अभी पता लगाया जाना बाकी है और सेना ने घटना की जांच शुरू की है।
पुलगांव स्थित देश के सबसे बड़े आयुध डिपो में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई थी। आग बुझाने के क्रम में दो अधिकारियों और 14 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। जबकि दो अधिकारी और 15 लोग हादसे में घायल हो गए थे। तीन घायल अधिकारियों को एयर एंबुलेंस के जरिये पुणे के सैन्य अस्पताल ले जाया गया है।