आंध्र प्रदेश में लॉरी ने ऑटो रिक्शा को मारी टक्कर
- फोटो : ANI
आंध्र प्रदेश में रविवार को भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां कृष्णा जिले के गोलापाली गांव में रविवार सुबह एक लॉरी ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि छह से अधिक लोगों घायल होने की सूचना मिली है।
बताया जा रहा है कि इस भीषण सड़क हादसे में छह कृषि मजदूरों ने अपनी जान गंवाई है। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जानकारी मिली है कि घटना के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। ऐसे में पुलिस मुकदमा दर्ज कर लॉरी चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह लोग विजयवाड़ा से 55 किलोमीटर दूर नुजिविदु के नजदीक लियोन टांडा नामक आदिवासी बस्ती के रहने वाले थे और ऑटोरिक्शे से नजदीकी गांव जा रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो में टक्कर मार दी।
उन्होंने आगे कहा कि छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें नुजिविदु और विजयवाडा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, नुजिविदु के उप-खंड पुलिस अधिकारी श्रीनिवासुलु ने बताया कि मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन, उप मुख्यमंत्री (स्वास्थ्य) एकेके श्रीनिवास, गृहमंत्री एम सुचित्रा, तेलुगुदेशम पार्टी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू और जन सेना के अध्यक्ष के पवन कल्याण ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। श्रीनिवास ने कृष्णा जिले के चिकित्सा अधिकारी को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है।