देश के प्रसिद्ध कारोबारी आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय रहते हैं और इसके जरिए जरूरतमंद लोगों की मदद भी करते रहते हैं। हाल ही में यूट्यूब पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें दो नाबालिग भाइयों ने लोगों से अपने रेस्तरां पर आने की अपील की थी। दोनों भाइयों की कहानी जानने के बाद खुद आनंद महिंद्रा ने एक ट्वीट में इस पर प्रतिक्रिया दी है और रेस्तरां पर आने का वादा किया है।
दरअसल, पंजाब के अमृतसर में एक व्यक्ति ने कुछ महीने पहले टॉप ग्रिल नाम से एक रेस्तरां की शुरुआत की थी। लेकिन 26 दिसंबर 2021 को उसकी मौत हो गई थी जिसके बाद रेस्तरां की जिम्मेदारी उसके दोनों बेटों जशनदीप सिंह (17) और अंशदीप सिंह (11) के कंधों पर आ गई। यूट्यूब पर आए इस वीडियो में इस समय आर्थिक संकट से जूझ रहे दोनों भाइयों ने लोगों से रेस्तरां पर आने की अपील की थी।
दोनों भाइयों की इस अपील का जवाब आनंद महिंद्रा ने दिया। शनिवार को उन्होंने एक ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वह इन्हीं दोनों भाइयों के साथ नजर आ रहे हैं। ट्वीट में उन्होंने लिखा, मैं आज तक जितने लोगों से मिला हूं ये बच्चे उनमें से सबसे मेहनती हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि इनके रेस्तरां में जल्द ही ग्राहकों की लंबी पंक्ति लगे।
उन्होंने आगे लिखा कि मुझे अमृतसर से प्यार है और मैं यहां अक्सर दुनिया की सबसे स्वादिष्ट जलेबियां खाने के लिए आता रहता हूं, लेकिन अगली बार जब भी मैं इस शहर में जाऊंगा तो मैं इन बच्चों के रेस्तरां पर खाना जरूर खाऊंगा। आनंद महिंद्रा के इस ट्वीट को यूजर खूब पसंद कर रहे हैं और जमकर लाइक और रिट्वीट कर रहे हैं। यह वीडियो अमृतसर वाकिंग टूर्स चैनल ने गुरुवार को ही अपलोड किया था।