अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की एमबीबीएस/बीडीएस संयुक्त प्रवेश परीक्षा टीयर टू कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई है। इसका निर्णय मंगलवार को एएमयू एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया गया। साथ ही दस अप्रैल को हो चुकी टीयर वन परीक्षा के परिणाम को भी स्थगित कर दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा देश भर के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस/बीडीएस कोर्सेज में नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (एनईईटी) के माध्यम से प्रवेश देने के आदेश के बाद मंगलवार को एएमयू की एकेडमिक काउंसिल की बैठक कुलपति जमीरउद्दीन शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इसमें टीयर वन एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा के परिणाम एवं 1 जून को प्रस्तावित टीयर टू प्रवेश परीक्षा को कुछ समय के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा एनईईटी से संबंधित नए दिशा-निर्देश जारी किए जाने को लेकर इंतजार करने का निर्णय लिया गया।
कुलपति के मुताबिक परीक्षा रद्द करने के बजाय फिलहाल स्थगित की गई है क्योंकि इस बात की संभावना है कि केंद्र सरकार ऐसा अध्यादेश ला सकती है जिससे यूनिवर्सिटी को अपने स्तर पर एमबीबीएस-बीडीएस संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने का अधिकार मिल जाए। कुलपति ने स्पष्ट किया कि एएमयू ऐसा कोई कार्य नहीं करेगी जिससे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन हो।
उल्लेखनीय है कि एएमयू ने सुप्रीम कोर्ट से इस वर्ष मेडिकल की एंट्रेंस परीक्षा में एनईईटी से छूट देने का आग्रह किया था, जिसे रिजेक्ट कर दिया गया था। 10 अप्रैल को आयोजित एएमयू एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में करीब 62 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिसमें करीब 55 हजार टीयर वन परीक्षा में शामिल हुए थे। करीब 16 हजार छात्रों का चयन टीयर टू की परीक्षा के लिए किया गया था, जो 1 जून को प्रस्तावित था।