केजरीवाल ने कहा कि सरकार का काम अपने कर्मचारियों और जनता का ख्याल रखना होता है। मैं इन कर्मचारियों की नौकरी पक्की किए जाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के 4,500 कर्मचारियों को नियमित किए जाने के बारे में सूचित किया है। सरकार ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी। इसके बाद गृह मंत्री शाह का आभार जताते हुए केजरीवाल ने कहा कि स्थायी नौकरी से इन हजारों लोगों की जिंदगी बदल जाएगी।
विज्ञापन
केजरीवाल ने कहा कि सरकार का काम अपने कर्मचारियों और जनता का ख्याल रखना होता है। मैं इन कर्मचारियों की नौकरी पक्की किए जाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं। इससे पहले केजरीवाल की अध्यक्षता में एनडीएमसी ने 2019 में नौकरी पक्की करने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा थी। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को लेकर अमित शाह से मुलाकात भी की थी। केजरीवाल ने इस महीने की शुरुआत में आरएमआर कर्मचारियों को नियमित करने के लिए गृह मंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने इस संबंध में बीते 22 मार्च को भी शाह को पत्र लिखा था।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के आरएमआर कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं को नियमित करने की मांग को लेकर हाल के दिनों में कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन सतीश उपाध्याय ने इससे पहले दिन में आप सुप्रीमो पर क्रेडिट छीनने की ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया था। एक बयान में उन्होंने केजरीवाल से दिल्ली जल बोर्ड और शहर के अन्य सरकारी विभागों के लगभग 40,000 अस्थायी और अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण पर ध्यान देने को कहा।