रोड शो के बाद अमित शाह ने कहा कि नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी की जीत निश्चित है। वहीं, भाजपा बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतेगी। ममता बनर्जी को लेकर शाह बोले कि जनता के सामने कोई मुख्यमंत्री नहीं होता, क्योंकि जनता ही मुख्यमंत्री बनाती है और नंदीग्राम से इस बार भाजपा ही चुनाव जीतेगी।
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए हाई प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में बड़ा रोड शो किया। फूलों और भाजपा के झंड़ों से सजी एक लॉरी पर खड़े शाह ने पूर्व मिदनापुर विधानसभा क्षेत्र में बेथुरिया और रायपाड़ा के बीच चार किलोमीटर के रास्ते पर उमड़ी भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उनके साथ टीएमसी से भाजपा में आए सुवेंदु अधिकारी भी थे। रोड शो देखने के लिए सड़क के दोनों ओर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान जय श्री राम, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद और अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगते रहे।
गौरतलब है कि नंदीग्राम के संग्राम पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। यहां से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनावी मैदान में हैं और उनके खिलाफ भाजपा के टिकट पर सुवेंदु अधिकारी ताल ठोक रहे हैं। बता दें कि इस निर्वाचन क्षेत्र में आज (30 मार्च) शाम पांच बजे प्रचार खत्म हो जाएगा। नंदीग्राम में एक अप्रैल को मतदान होगा।