आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया के खिलाफ सूरत में मामला दर्ज किया गया है। इटालिया पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल और गृह राज्य मंत्री संघवी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है।
आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इटालिया के खिलाफ भाजपा के सीआर पाटिल और राज्य के मंत्री हर्ष संघवी को कथित रूप से बदनाम करने के आरोप में सूरत में मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
भाजपा कार्यकर्ता प्रताप छोड़वाड़िया की शिकायत पर उमरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इटालिया पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल और गृह राज्य मंत्री संघवी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, सोरथिया पर हमला होने के बाद इटालिया ने 31 अगस्त को सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की। वीडियो में इटालिया ने कहा कि भाजपा के 100 'गुंडों' ने सोरथिया पर हमला किया था।
हमले के दौरान उनके सिर में चोटें आई हैं। उपचार के लिए उन्हें सूरत के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उमरा थाने के निरीक्षक एएच राजपूत ने बताया कि हमले की जांच की जा रही है। इटालिया ने कथित तौर पर कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव खत्म होने तक कुछ भी कर सकती है। 'चुनाव के बाद आप खून की एक-एक बूंद का बदला लेगी।' प्राथमिकी में कहा गया है कि इटालिया ने राजनीतिक रूप से सम्मानित लोगों को बदनाम किया और सोरथिया पर हमले के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लोगों को सूरत के कपोदरा पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा होने के लिए उकसाया था।
विज्ञापन
यह है घटना
30 अगस्त को आप नेता मनोज सोरथिया पर गुजरात के सूरत में सिमंडा नाका के पास मारपीट की गई थी। हमले के दौरान मनोज सोरथिया के सिर में चोटें आई थी। काफी खून भी निकला था। आप ने घटना पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था।