भारत जोड़ो यात्रा से राहुल ने असंतुष्टों को भी जोड़ा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता और कांग्रेस के राजनीतिक नफा नुकसान की कसौटी तो चुनाव होगी, लेकिन पचास दिनों की यात्रा में पार्टी के असंतुष्ट नेताओं को जोड़ने में कामयाब रहे हैं। राहुल की कार्यप्रणाली और फैसलों से नाराज असंतुष्ट नेताओं को भी अब उनके साथ चलना अच्छा लग रहा है।
पंजाब से लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने यात्रा के चार राज्यों से गुजर जाने और पचास दिनों के बाद शुक्रवार को राहुल के साथ चले। असंतुष्टों के ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वाले राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा भी पिछले दिनों यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मध्यप्रदेश से भी गुजरनी है लिहाजा इन दिनों वहां उसकी तैयारी में भी शामिल हैं।
कई प्रदेशों के नेता हुए शामिल
तेलंगाना में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेता शुक्रवार को पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ शामिल हुए। यात्रा में हिस्सा लेने वाले नेताओं में ओडिशा के पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास और मध्य प्रदेश के जीतू पटवारी शामिल थे। एआईसीसी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह एक ‘मिनी भारत जोड़ो’ यात्रा थी, जिसमें विभिन्न राज्यों के नेता गांधी के साथ चलने के लिए आ रहे थे।
रमेश ने ट्वीट किया, तेलंगाना में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ चलने के लिए त्रिपुरा, राजस्थान, पंजाब, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा और मध्य प्रदेश के नेता शामिल हुए। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को तेलंगाना के नारायणपेट जिले के येलिगंदला से फिर से शुरू हुई।
तेलंगाना में यात्रा का यह तीसरा दिन है। यात्रा लगभग 6.10 बजे जयराम रमेश, एआईसीसी नेता केसी वेणुगोपाल और तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और पार्टी नेताओं के गांधी के साथ जुड़ने के साथ शुरू हुई। राहुल गांधी ने दो स्कूली छात्राओं को बुलाया जो यात्रा के दौरान सड़क के किनारे उनका इंतजार कर रही थीं और उनके साथ कुछ दूरी तक चलीं।