भारतीय वायुसेना के मालवाहक विमान सी-130 जे सुपर हरक्यूलिस को पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में स्थित एयरबेस को तैयार कर लिया गया है। यहां पर 6 सी-130 सुपर हरक्यूलिस विमान तैनात किए जा चुके हैं। यह वायुसेना का सबसे बड़ा मालवाहक विमान है जो बड़ी ही तेजी से सेना के लिए जरूरी सामान को पहुंचाने में सक्षम है।
पनागढ़ देश में गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस के बाद दूसरा एयरबेस है जहां पर सी-130 विमानों के लिए एयरबेस तैयार किया गया है। लॉकहीड मार्टिन के इंजीनियर और टेक्निशियन बीते दो सालों से इस एयरबेस को तैयार कर रहे थे।
पढ़ें- 'डोकलाम पर चीन को धूल चटाने में सक्षम है भारतीय सेना, नहीं मानें तो युद्ध करने से पीछे नहीं हटेंगे'
इंडियन एयरफोर्स के एक अधिकारी ने बताया कि 'भारत में इन सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान 2011 में ही आना शुरू हो गए थे। यह कई खूबियों से भरपूर है। सामरिक दृष्टि से इन विमानों का खास महत्व है। इसे लैंड करने के लिए ज्यादा रनवे की जरूरत नहीं होती है और ये खराब से खराब मौसम में उड़ान भर सकता है।'
बता दें कि बीते 2 महीनों से ज्यादा समय से भारत का चीन के साथ डोकलाम को लेकर विवाद चल रहा है। चीन वहां सड़क बना रहा है जिस पर भारत और भूटान को एतराज है। दोनों देशों की सेनाएं डोकलाम पर तैनात की गई है। चीन की तरफ से कई बार भारत को धमकियां दी जा चुकी है। ऐसे में पनागढ़ एयरबेस को सी-130 के लिए तैयार करना भारत के लिए चीन की धमकियों को एक करारा जवाब माना जा सकता है।