चीन के उप प्रधानमंत्री वांग यांग ने एक बयान में कहा है कि चीन और पाकिस्तान हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और हमारी दोस्ती फौलाद से भी अधिक मजबूत है। पाक के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए यांग ने इस्लामाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि चीन प्रगति और विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अपने प्रयासों के तहत पाकिस्तान के साथ खड़ा है। हम हर मुश्किल समय में एक दूसरे के साथ बने रहे और समय के साथ हमारी दोस्ती मजबूत होती गई।'
यांग ने अपने संबोधन में आगे कहा था कि हमारी दोस्ती फौलाद से भी अधिक मजबूत और शहद से भी ज्यादा मीठी है। वांग ने यह भी कहा था कि चीन पाकिस्तान के साथ सभी प्रकार की सामरिक और आर्थिक साझेदारी के लिए तैयार है। चीन-पाक आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) को लेकर उन्होंने आशा जताई कि इसके निर्माण के बाद चीन-पाक की दोस्ती और अधिक प्रगाढ़ होगी।
पढ़ें- अमर उजाला पोल: एक- दूसरे को हरा नहीं सकते भारत और चीन
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'चीन ने पाकिस्तान से अपनी दोस्ती को फौलाद सी मजबूत और शहद से ज्यादा मीठी कहा है। क्या इस बयान से भारत को सतर्क होना चाहिए?' पोल के जवाब में हमें कुल 13,996 वोट मिले। इनमें 79.03 फीसदी (11021 वोट) पाठकों ने हां सहमति देते हुए कहा कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती से भारत को सतर्क होना चाहिए, जबकि 18.84 फीसदी (2627 वोट) पाठकों ने माना सवाल के जवाब में असहमति जताई है। वहीं 2.14 फीसदी (298 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।