आतंकी संगठन जमात उद दावा का सेकेंड कमान अब्दुल रहमान मक्की की धमकी को नजरअदांज करने से अमरनाथ यात्रियों को आतंकी हमले में जान गंवानी पड़ी। ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 19 जून को अब्दुल रहमान मक्की का धमकी भरा एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह पीएम मोदी को कश्मीर को आजाद करने की बात करते हुए ललकार रहा था। वीडियो में उसने कहा था कि अगर मीडिया चाहे तो कश्मीर को 3 हफ्ते में आजाद किया जा सकता है।
इसके साथ ही उसने कश्मीर में आतंक फैलाने की धमकी दी थी। बता दें कि यह 2008 मुंबई हमले का भी मास्टरमाइंड आरोपी है। इसके साथ ही मक्की हाफिज सईद का खास संबंधी भी है। इस वीडियो के आने के पहले 13 को घाटी में 6 आतंकी हमले हुए थे। हालांकि आशंका जाहिर की जा रही है कि आतंकियों की नजर अमरनाथ यात्रा पर आतंक फैलाने पर लगी थी। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सोमवार शाम अमरनाथ यात्रा पर जा रहे यात्रियों पर हुए आतंकी हलले में 7 लोग मारे गए और 19 घायल हो गए हैं।
गौरतलब है कि 30 जून 2017 को amarujala.com पर प्रकाशित एक खबर में भी एजेंसियों को मिले इनपुट्स का जिक्र किया गया था जिसमें इस बात की जानकारी दी गई थी कि जुलाई के पहले हफ्ते में हिजबुल के आतंकी अमरनाथ यात्रियों को निशाना बना सकते हैं।
एजेंसियों को इस बात के इनपुट पहले से थे कि पाकिस्तानी आतंकी सैय्यद सलाहुद्दीन पर कसते अंतरराष्ट्रीय शिकंजे से बौखलाए आतंकी बुरहान वानी की बरसी के पहले अमरनाथ यात्रियों पर हमले की किसी साजिश को बुन रहे हैं। एजेंसियों को मिले इनपुट के मुताबिक आतंकियों के पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों से हुई बातचीत को सुरक्षा एजेंसियाें ने इंटरसेप्ट किया था। इस दौरान कई संदेश पकड़े गए हैं। इस इनपुट के बाद यात्रा रूट पर सतर्कता बढ़ाई गई थी।