बुधवार (14 मार्च) को उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों और बिहार की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हुए चुनावों के नतीजे आए। यूपी और बिहार की कुल तीनों लोकसभा सीटों पर भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं बिहार की दोनों विधानसभा सीटों की बात करें तो भाजपा सिर्फ अपनी एक सीट भभुआ ही बचा पाई। फूलपुर में सपा प्रत्याशी नागेंद्र पटेल ने बीजेपी के कौशलेंद्र पटेल को 59613 वोटों से हरा दिया। फूलपुर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सीट थी।
वहीं गोरखपुर में भी बीजेपी उम्मीदवार उपेंद्र शुक्ल को हार पचानी पड़ी। यहां सपा के प्रवीण निषाद ने जीत दर्ज की, गोरखपुर में बीजेपी उम्मीदवार उपेंद्र शुक्ल को 21,881 वोटों से हार झेलनी पड़ी है।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या यूपी और बिहार के उपचुनाव नतीजों का असर आने वाले विधानसभा और अगले वर्ष होने वाले आम चुनावों पर पड़ेगा?'
पोल के जवाब में हमें कुल 4,887 वोट मिले। इनमें 63.8 फीसदी (3,118 वोट) पाठकों ने माना कि यूपी और बिहार के उपचुनाव नतीजों का असर आने वाले विधानसभा और 2019 में होने वाले आम चुनावों पर पड़ेगा, जबकि 36.2 फीसदी (1,769 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि यूपी और बिहार के उपचुनाव नतीजों का असर आगामी चुनावों पर नहीं पड़ेगा।