आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पहले से ही कमर कस ली है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है दिग्गज नेता रोड शो से लेकर बड़ी-बड़ी रैलियां कर वोटरों के लुभाने में लगे हैं।
खबर है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 25 दिनों में यूपी के 42 जिलों में रोड शो करेंगे। कांग्रेस में जान फूकने के लिए राहुल गांधी अंधाधुंध रैलियां व रोड शो कर जनता से मुखातिब होंगे।
राहुल गांधी की रैलियों से यूपी चुनाव में कांग्रेस को कितना फायदा मिलेगा इसी की पड़ताल करने के लिए अमर उजाला ने अपने ऑनलाइन पोल में पाठकों से उनकी राय जाननी चाही। पोल का प्रश्न था- राहुल की यह सक्रियता क्या यूपी के चुनावों में कांग्रेस को लड़ाई में ला पाएगी।?
इस पर पाठकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए तीन विकल्प दिए गए थे। पहला- हां इससे कांग्रेस को लाभ होगा, दूसरा- नहीं इससे कुछ बदलने वाला नहीं और तीसरा- अभी से कुछ नहीं सह सकते।
कुल 3,007 पाठकों ने ऑनलाइन पोल में वोट किया। जिसमें सबसे अधिक 69.94 फीसद यानी 2,103 पाठकों ने दूसरे विकल्प को चुना। इनका मानना है कि राहुल गांधी की यूपी में सक्रियता से कांग्रेस को कोई फायदा नही होने वाला।
वहीं 26.44 फीसद यानी 795 पाठकों ने पहले विकल्प पर वोट किया। इनका मानना है कि राहुल गांधी की सक्रियता से यूपी चुनाव में फर्क पड़ेगा। 3.62 फीसद यानी 109 पाठकों का मानना है कि वो अभी से कुछ नहीं कह सकते।