भिवानी के पूर्व सैनिक रामकिशन की OROP को लेकर कथित आत्महत्या के बाद मामले ने ऐसा तूल पकड़ा कि कांग्रेस समेत तमाम विपक्ष मोदी सरकार को घेरने की कोई भी गुजाइश छोड़ता नहीं दिख रहा है। राहुल गांधी ने तो OROP को लेकर पीएम मोदी को झूठा तक करार दे दिया। उन्होंने कहा, ''सरकार OROP का झूंठा ढिंढोरा पीट रही है, जिन सैनिकों ने देश के लिए जान दी सरकार को उनकी इज्जत करनी चाहिए। पूर्व सैनिकों को पैसा नहीं दिया जा रहा है।"
राहुल के अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी रामकिशन के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए OROP के सियासी घमासान में बराबरी से कूदे। इस पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए अमर उजाला ने अपने पाठकों से वन रैंक वन पेंशन पर राय मांगी। अमर उजाला ने अपने पोल में सवाल पूछा ''क्या पीएम मोदी ने OROP पर सैनिकों से किया वादा निभाया?" इस सवाल के जवाब में ढेरों प्रतिक्रियाएं आईं। सबसे ज्यादा 50.69 फीसदी (4599) पाठकों ने कहा कि सरकार ने सैनिकों से किया वादा नहीं निभाया। वहीं, ''हां'' के जवाब में कांटे की टक्कर रही। 46.86 फीसदी (4251) पाठकों ने कहा कि पीएम मोदी ने सैनिकों से किया वादा निभाया।
2.45 फीसदी (222) पाठक ऐसे भी रहे, जिनका जवाब रहा कि ''कह नहीं सकते।'' पोल में कुल 9072 पाठकों ने हिस्सा लिया।
फिलहाल OROP पर सियासी जंग जारी है।