नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सोमवार को आदेश दिया था कि दिल्ली में 10 साल पुरानी डीजल गाड़ियों पर रोक लगाई जाए। एनजीटी द्वारा इस आदेश में यह भी शामिल किया गया है कि 15 साल पुराने पेट्रोल चलित वाहनों पर भी रोक लगाई जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कराए जाने के निर्देश एनजीटी की ओर से दिया गया है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल कराया। पोल में 1,229 पाठकों ने हिस्सा लिया। पोल में सवाल किया गया था कि 'क्या डीजल गाड़ियां बैन करने से रुक जाएगा दिल्ली का प्रदूषण?' इस सवाल के जवाब के लिए तीन विकल्प रखे गए थे। पहला विकल्प था बेहतर हो सकता है दिल्ली का पर्यावरण, दूसरा था कोई फर्क नहीं पड़ेगा और तीसरा विकल्प था कि कुछ कह नहीं सकते।
पोल में 818 (66.56%) हिस्सा लेने वाले पाठकों का मानना है कि एनजीटी के इस आदेश से दिल्ली का पर्यावरण बेहतर होगा वहीं पाठकों 377 (30.68%) का मानना था कि कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 34 (2.77%) पाठकों ने कहा कि वे इस पर कुछ कह नहीं सकते।