लगातार कश्मीर राग अलाप रहे पाकिस्तान को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने मुंहतोड़ जबाव दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि आतंकवाद और घुसपैठ पाकिस्तान के ट्रेडमार्क हैं। स्वरूप ने पाकिस्तान के हाईकमिश्नर अब्दुल बासित के उस बयान के बाद जवाब दिया था, जिसमें बासित ने कहा था कि इस साल पाकिस्तान की जश्न-ए-आजादी कश्मीर की आजादी के लिए है। बासित के बयान पर भारत से दिए गए जवाब पर अमर उजाला ने पाठकों से सवाल पूछा था ''कश्मीर राग अलाप रहे पाकिस्तान को भारत के पलटवार से क्या आप संतुष्ट हैं?'' इस पर पाठकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और अपनी राय जाहिर की।
72.6 फीसदी पाठकों ने माना कि भारत ने पाकिस्तान को बिलकुल सही जवाब दिया। 24.42 फीसदी लोगों को अब भी यही लगता है कि भारत का पाकिस्तान को जवाब नाकाफी है, उन्होंने स्वरूप की बात से असंतुष्टी जताई। वहीं, 2.97 फीसदी पाठकों ने कहा कि पाकिस्तान को दिया गया भारत का जवाब संतोषजनक है या नहीं, यह कह नहीं सकते।
करीब दो महीने होने को हैं, आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद से अब तक कश्मीर के हालात बद से बदतर बने हुए हैं। करीब 5 दर्जन लोगों की जानें घाटी में हिंसा की भेंट चढ़ गई हैं, ऐसे में पाकिस्तान लगातार कश्मीर की आग में घी डालने का काम कर रहा है। पाकिस्तान में सियासत इसी पर हो रही है कि कश्मीर के हालातों को कैसे भी सामान्य न होने दिया जाए। पाक के नापाक मंसूबों का अदाजा इसी से लगता है कि अब कभी करांची तो तभी इस्लामाबाद तो कभी पीओके में तमाम आतंकी सरगना भी कश्मीर के मुद्दे पर आतंकी सुर छेड़ रहे हैं। इसी सब के चलते पाकिस्तान की तरफ से आए दिन कश्मीर के लिए राग आलापा जा रहा है। जिसका जवाब भारत सरकार बखूबी दे रही है, यह बात इस पोल से भी जाहिर है।