चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने के कारण मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार इसलिए किया गया क्योंकि वे लोग भारत की हार पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
इस तरह का एक और मामला केरल के कासरगोड का है, जहां भारत पर पाकिस्तान की जीत का कथित तौर पर जश्न मनाने के लिए 23 लोगों पर दंगा करने और गैरकानूनी तरीके से एकत्रित होने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले में पुलिस ने कहा कि गैर कानूनी तरीके से एकत्रित होने, दंगा करने और भारतीय दंड संहिता के तहत विस्फोटक पदार्थों का लापरवाहीपूर्ण इस्तेमाल करने के आरोप में कुल 23 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की जीत पर मध्यप्रदेश में जश्न मनाने वाले 15 लोगों की गिरफ्तारी को क्या आप सही मानते हैं?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 21,426 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में सबसे अधिक 79.18 फीसदी यानि 16,966 पाठकों ने15 लोगों की गिरफ्तारी को सही माना है। 18.63 फीसदी यानि 3,992 पाठकों ने गिरफ्तारी को सही नहीं माना। वहीं, 2.18 फीसदी यानि 959 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।