अनिल कुंबले के भारतीय टीम का साथ छोड़ने के फैसले के बाद से नए कोच को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। नए कोच को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं इस मामले पर बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना ने कहा कि टीम इंडिया के नए कोच का चुनाव जल्द से जल्द किया जाएगा। टीम को नया कोच श्रीलंका दौरे से पहले मिल जाएगा।
खन्ना ने बताया कि नए कोच का कार्यकाल 2019 के विश्वकप तक होगा। बता दें कि जून 2019 में होने वाला विश्वकप इंग्लैंड में खेला जाएगा।
Tenure of the new head coach will be at least till the next World Cup to be held in June 2019 in England: CK Khanna, Acting BCCI President pic.twitter.com/pHd7XaqlET
— ANI (@ANI_news) June 21, 2017
Team India will get the new head coach before its tour to Sri Lanka: CK Khanna, Acting BCCI President pic.twitter.com/GlWbmFrc4l
— ANI (@ANI_news) June 21, 2017
वहीं इस मामले में आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने भी अपना पक्ष मीडिया के सामने रखा। राजीव ने कहा, "बोर्ड ने अपनी तरह के कोच और कप्तान के बीच सब ठीक करने की पूरी कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली। दोनों के बीच मतभेद काफी बढ़ गए थे, जिसकी वजह से कुंबले को इस्तीफा देना ही पड़ा। हम नया कोच तलाशने के प्रक्रिया में हैं और इसका ऐलान जल्द ही किया जाएगा। ऐसा होता रहता है और हमें आगे बढ़ना चाहिए।"
कोच चयन प्रक्रिया में कोहली के रोल पर राजीव शुक्ला ने कहा, "कोच नियुक्ति में कप्तान की कोई भूमिका नहीं होगी। न तो उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा और न ही उनसे पूछा जाएगा।" बता दें कि टीम 23 जून से वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 वनडे और 1 टी-20 मैच की सीरीज खेलने वाली है।
गौरतलब है कि अनलि कुंबले ने टीम के इंडिया के हेड कोच के पद से मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। बताया गया कि टीम कप्तान कोहली के साथ मतभेद के चलते कुंबले ने कोच का पद छोड़ा। इस्तीफे के बाद कुंबले ने एक बयान जारी कर कहा कि टीम के कप्तान विराट कोहली को उनके काम करने के तरीके से परेशानी थी।