ओड़िशा में तट पर भारतीय तटरक्षक बल का समुद्री और हवाई खोज एवं बचाव अभ्यास
भारतीय तटरक्षक बल के क्षेत्रीय मुख्यालय (उत्तर-पूर्व) द्वारा शुक्रवार और शनिवार पारादीप में क्षेत्रीय स्तर की समुद्री एवं एरोनॉटिकल सर्च एंड रेस्क्यू (एसएआर) कार्यशाला और सी एक्सरसाइज का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम का समन्वय कमांडर कोस्ट गार्ड (ओडिशा) ने किया, जिसमें ओडिशा के विभिन्न एसएआर हितधारकों एवं संसाधन एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में ओएसडीएमए, जिला प्रशासन, पोर्ट प्राधिकरण, कस्टम विभाग, भारतीय नौसेना, मरीन पुलिस, ओडिशा पुलिस, सीआईएसएएफ, मत्स्य विभाग, वन विभाग और जिला स्वास्थ्य विभाग सहित कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
पेशेवर एसएआर प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण
भारत के विस्तृत समुद्री खोज एवं बचाव क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय एसएआर सेवा प्रदाता होने के नाते तटरक्षक बल ने एनएम एसएआर बोर्ड के तहत इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को एसएआर प्रोटोकॉल, तंत्र, प्रक्रियाएं, एसओपीएस की समझ और वास्तविक समय में समन्वय बढ़ाने पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया।कार्यशाला के दौरान टेबल-टॉप एक्सरसाइज भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न काल्पनिक एसएआर स्थितियों का अनुकरण किया गया और सहभागी एजेंसियों की संयुक्त भूमिका का व्यावहारिक मूल्यांकन किया गया।
समुद्र में मास रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन
पारादीप तट के समीप आयोजित सी एक्सरसाइज में प्रमुख एजेंसी भारतीय तटरक्षक बल तथा सहयोगी बचाव एजेंसियों ने अपने संसाधनों का उपयोग करते हुए मास रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल ट्रायेज और समुद्री व हवाई बचाव तकनीकों का वास्तविक जैसी परिस्थितियों में प्रदर्शन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य समुद्र में जीवन सुरक्षा को मजबूती प्रदान करना तथा सभी समुद्री व एरोनॉटिकल एसएआर एजेंसियों के बीच तालमेल को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।