महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि नासिक जिले के मालेगांव शहर में कांग्रेस के सभी 28 पार्षद एनसीपी में शामिल हो गए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दावा किया कि इनमें महापौर भी शामिल हैं। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि मालेगांव के मेयर सहित 28 कांग्रेस पार्षद मुंबई में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राज्य राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटिल की उपस्थिति में शरद पवार के नेतृत्व वाले संगठन में शामिल हुए हैं।
विज्ञापन
हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि मालेगांव नगर निगम (एमएमसी) में पार्टी के 28 सदस्यों में से 27 एनसीपी में शामिल हुए हैं। यह खबर बड़ी इसलिए भी है क्योंकि राज्य में एनसीपी और कांग्रेस दोनों शिवसेना के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार में सहयोगी हैं।
84 सदस्यीय निकाय में राकांपा के पहले से ही 20 पार्षद हैं। एमएमसी में शिवसेना के 13, भाजपा के 9, एआईएमआईएम के 7, जेडीएस के 6 और एक निर्दलीय सदस्य हैं। पाटिल और पवार दोनों ने कहा कि मालेगांव में अगले विधानसभा चुनाव में राकांपा का एक विधायक होगा और पार्टी शहर के विकास के लिए काम करेगी।
विज्ञापन
राज्य कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि पार्टी के पार्षदों ने इस आधार पर पार्टी बदली कि मालेगांव में विकास परियोजनाओं के लिए धन नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि विकास निधि का आवंटन राकांपा नेता अजीत पवार द्वारा किया जाता है, जो वित्त मंत्री भी हैं।