देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका गहराती जा रही है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को कहा कि 8-10 दिन पहले राज्य में सक्रिय 5 से 6 हजार थे जो दो दिन में बढ़कर 11 हजार हुए और आज 20 हजार तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने के साथ ही खतरे के प्रति आगाह किया है। राकांपा प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले व उनके पति सदानंद सुले और करिश्मा कपूर की क्रिसमस पार्टी में शामिल हुए कई अभिनेता पॉजिटिव हो गए हैं। उधर, बंगाल में भी तीसरी लहर के हालात बन रहे हैं। सीएम ममता बनर्जी ने अधिकारियों से कहा है कि वे हालात की समीक्षा करें और जरूरत हो तो स्कूल-कॉलेज बंद करने पर विचार करें।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने राज्य में कोविड-19 के नए व सक्रिय केस में ताजा वृद्धि पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह खतरे की घंटी बजने जैसा है। मुंबई में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने जनता व अधिकारियों से सावधानी बरतने को कहा। टोपे ने कहा कि बीते 8-10 दिन पहले राज्य में सक्रिय केस 5000 से 6000 के बीच थे। मंगलवार को सक्रिय केस 11,492 हुए और बुधवार को ये 20 हजार तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय केस बढ़ना चिंताजनक है।
टोपे ने महाराष्ट्र में तेजी से केस दोगुने होने और मुंबई में बढ़ते संक्रमण पर भी चिंता जताई। उनसे पहले राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मंगलवार को राज्य में 2172 नए कोरोना केस मिले, ये संख्या एक दिन पहले 1426 थी। मंगलवार को 22 और मौतें भी हुईं। इसके साथ ही राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66,61,486 हो गई और मरने वालों की कुल संख्या 1,41,476 तक पहुंच गई।
ममता बनर्जी ने कहा-जरूरत हो तो बंद करें स्कूल-कॉलेज
उधर, पश्चिम बंगाल में तीसरी लहर की आशंका के बीच सीएम ममता बनर्जी ने बुधवार को अधिकारियों से कहा कि वे राज्य में कोविड-19 के हालात की समीक्षा करें। उन्होंने कोलकाता में केस बढ़ने के कारण कंटेनमेंट जोन की समीक्षा का भी निर्देश दिया। सागर द्वीप पर प्रशासनिक समीक्षा बैठक में बनर्जी ने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो स्कूल-कॉलेजों को भी कुछ दिनों के लिए बंद किया जा सकता है। सीएम बनर्जी ने यह भी कहा कि सरकारी दफ्तर 50 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति से चलाए जा सकते हैं। बंगाल में कोरोना केस बढ़ रहे हैं और कुछेक ओमिक्रॉन के मामले भी मिले हैं।
गंगासागर मेले की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को सागर द्वीप में हर साल आयोजित होने वाले गंगासागर मेले के इंतजामों की समीक्षा के लिए आईं थीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और लोकल ट्रेनों को लेकर भी निर्णय कोविड-19 के हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।