मुंबई से चेन्नई जा रहे एयर इंडिया विमान की तकनीकी समस्या के चलते शनिवार को यहां के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रायोरिटी लैंडिंग कराई गई। विमान में क्रू सदस्यों के अलावा 111 यात्री सवार थे। एक एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि विमान के लोकल स्टैंडबाय प्रोटोकॉल के तहत लैंड करने से पहले चेतावनी जारी की गई थी।
लोकल स्टैंडबाय का मतलब आग की चेतावनी होता है और किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रेस्क्यू सेवाओं को तैयार रखा जाता है। उन्होंने बताया कि हमें पायलट से लोकल स्टैंडबाय का अनुरोध मिला था। हमने अग्निशमन और रेस्क्यू सेवाओं को सतर्क कर दिया था।
विमान के एयरपोर्ट पर प्रायोरिटी लैंडिंग के बाद यात्रियों को उतारा गया और विमान को बे से दूर खींच कर ले जाया गया। तकनीकी समस्या को दूर किए जाने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। हालांकि इस बारे में एयर इंडिया के अधिकारियों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।