पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर मंगलवार को आधुनिक तकनीक से लैस आठ अपाचे 64-ई लड़ाकू हेलीकॉप्टरों को भारतीय वायु सेना में औपचारिक रूप से शामिल कर लिया गया। इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने कहा कि अपाचे 64-ई लड़ाकू हेलीकॉप्टर भारतीय वायुसेना की अभियान और मारक क्षमताओं में वृद्धि करेगा।
उन्होंने कहा कि अपाचे हेलीकॉप्टर का भारतीय वायु सेना के बेड़े में शामिल होना इसके आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक तकनीक से लैस अपाचे हेलीकॉप्टर सभी मौसमों में दिन रात तेजी से कार्रवाई करने में सक्षम हैं।
अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर में 16 एंटी टैंक एजीएम-114 हेलफायर और स्ट्रिंगर मिसाइल लगी होती है। हेलफायर मिसाइल किसी भी आर्मर्ड व्हीकल जैसे टैंक, तोप, बीएमपी वाहनों को पल भर में उड़ा सकती है। वहीं स्ट्रिंगर मिसाइल हवा से आने वाले किसी भी खतरे का सामना करने में सक्षम है। इसके साथ ही इसमें हाइड्रा-70 अनगाइडेड मिसाइल भी लगा होता है जो जमीन पर किसी भी निशाने को तबाह कर सकता है।