बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) प्रबंधन ने मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. नवीत विग के नेतृत्व में छह डॉक्टरों की एक टीम बनाई है। टीम में सर्जरी, मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और न्यूरोलॉजी के डॉक्टर भी शामिल हैं। लालू 29 मार्च को यहां लाए गए थे।
बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव को एम्स के प्राइवेट वार्ड में रखा गया है। उन्हें किडनी में संक्रमण के साथ ही मधुमेह की शिकायत भी है। इस वजह से डॉक्टरों ने पहले मधुमेह का उपचार शुरू किया है। मधुमेह के नियंत्रित होने के बाद ही किडनी के लिए आगे का उपचार शुरू हो पाएगा।
बताया जा रहा है कि किडनी संक्रमण भी नियंत्रण में आने की संभावना दिख रही है। गुरुवार सुबह टीम फिर से लालू प्रसाद यादव की मेडिकल जांच करेगी।