सोमवार को अन्नाद्रमुक पार्टी में नेतृत्व के शीर्ष दो पदों पर ओ पनीरसेल्वम और के पलानीस्वामी को निर्विरोध रूप से चुना गया। पनीरसेल्वम को पार्टी का संयोजक और पलानीस्वामी को संयुक्त संयोजक के पद पर निर्वाचित घोषित किया गया है। पार्टी के निर्वाचन अधिकारी सी पोन्नयन ने चुनाव के परिणामों की घोषणा की।
विज्ञापन
दोनों को सांगठनिक चुनावों में पहली बार सर्वसम्मति से चुना गया। इससे पहले 2017 में पार्टी की महापरिषद की बैठक में दोनों को इन पदों के लिए चुना गया था। नतीजों के एलान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में पटाखे फोड़े और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
अन्नाद्रमुक के सांगठनिक सचिव पोन्नयन ने कहा कि इन दो पदों के लिए केवल पनीरसेल्वम और पलानीस्वामी की ओर से आवेदन प्राप्त हुए थे। परिणाम सामने आने के बाद दोनों शीर्ष नेताओं ने अन्नाद्रमुक के प्रतीक, पार्टी संस्थापक एमजी रामचंद्रन और दिवंगत सुप्रीमो जे जयललिता की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।