आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की उपयोगिता को लेकर पूरी दुनिया में चल रही बहस के बीच विधानसभाओं की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए इसकी भूमिका पर विचार किया जाएगा। दिल्ली में देश के सभी विधानसभा अध्यक्षों की होने जा रही बैठक में इस विषय पर विशेष रूप से विचार किया जा सकता है कि लोकतंत्र की संसदीय प्रणाली को बेहतर बनाने में इसका किस तरह और कितना उपयोग किया जा सकता है। यदि सब कुछ बेहतर रहा तो आने वाले समय में दिल्ली में इसकी शुरुआत भी हो सकती है।
दिल्ली विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल और सौर ऊर्जा प्रणाली से लैस करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता एक और बड़ी पहल करने की तैयारी कर रहे हैं। यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो आने वाले दिनों में विधानसभा में प्रश्न पूछने के तरीके और मंत्रियों द्वारा दिए जाने वाले जवाब में इसका असर देखने को मिल सकता है। नई पीढ़ी के सोचने और काम करने के तरीके से समन्वय बिठाकर आगे चलने को उत्सुक विजेंद्र गुप्ता इस पर बड़ी बहस कराकर इसको एक दिशा देने की तैयारी कर रहे हैं।
डाक टिकट जारी करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विट्ठल भाई पटेल के सम्मान में एक विशेष डाक टिकट जारी करेंगे। केंद्रीय विधान सभा के पहले निर्वाचित अध्यक्ष (स्पीकर) बने विट्ठल भाई पटेल की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में यह डाक टिकट दिल्ली में आयोजित होने जा रही विधानसभा अध्यक्षों के सम्मेलन के दौरान किया जाएगा।दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि देश के पहले विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के सम्मान में यह डाक टिकट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि संसदीय पुरोधाओं का सम्मान करना केवल इतिहास को याद करना नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए प्रेरणा लेना है। यह विमोचन विट्ठल भाई झावेरभाई पटेल की राष्ट्र-निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के सम्मान में किया जा रहा है। विट्ठल भाई पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम के एक अग्रणी योद्धा और प्रखर संसदीय नेता के रूप में 24 अगस्त 1925 को इतिहास रचते हुए केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष पद की शोभा बढ़ाई।