दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा सिंह नीत भाजपा सरकार ने रामलीला कमेटियों के सहयोग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाने का निर्देश दिया है जिससे तरह-तरह के लाइसेंस लेने के लिए कमेटियों को जगह-जगह न भटकना पड़े।
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा है कि सरकार हर त्योहार को भव्य बनाकर लोगों की खुशी के अनुभव में सहभागी होना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ और इसके बाद जन्माष्टमी को पूरी राजधानी में भव्य तरीके से मनाया गया। दिल्ली सरकार ने इसके लिए हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की। अब नवरात्रि और दशहरे के लिए भी सरकार हिंदू धर्मावलंबियों को हर सहायता उपलब्ध कराकर त्योहारों के भव्य आयोजन की व्यवस्था करेगी।
विज्ञापन
सरकार ने रामलीला कमेटियों के सहयोग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाने का निर्देश दिया है जिससे तरह-तरह के लाइसेंस लेने के लिए कमेटियों को जगह-जगह न भटकना पड़े। इसके अलावा डीडीए से सहयोग करके सभी रामलीला कमेटियों को समय से पार्कों को उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने बवाना विधानसभा क्षेत्र में कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं संग उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के सहयोग से आयोजन स्थलों के आसपास स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की संख्या को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।