फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ननकाना साहिब पर हमला: पाकिस्तान उच्यायोग के समीप प्रदर्शन, सड़क पर ही लगाया लंगर

Sat, 04 Jan 2020 08:32 PM IST
Trainee Trainee न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
ननकाना साहिब गुरुद्वारे पाकिस्तान - फोटो : ANI
विज्ञापन

पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर भीड़ के हमले को लेकर भारत में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। इसे लेकर लोगों खासकर सिख समुदाय में बेहद गुस्सा नजर आया। इस घटना के विरोध में शनिवार को राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए। वहीं, भाजपा और कांग्रेस सहित तमाम दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। 

विज्ञापन


सिख समुदाय में आक्रोश

पाकिस्तान में सिख समुदाय पर हुए हमले का गुस्सा शनिवार को दिल्ली में दिखा। चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के सामने सिख समुदाय के लोगों के साथ कांग्रेस और भाजपा ने भी ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुई पत्थरबाजी पर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का झंडा जलाते हुए वहां की सरकार को रास्ते पर लाने की चेतावनी भी दे डाली। सिख समुदाय के लोगों ने तो केंद्र सरकार से सभी तरह के राजनयिक संबंध खत्म करने की मांग करते हुए पीड़ितों को मदद मुहैया कराने की गुजारिश भी की। खास बात यह लोगों ने दूतावास के नजदीक लंगर लगाकर प्रसाद वितरित किया।

ननकाना साहिब पर पथराव के विरोध में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि पाकिस्तान सरकार पर दबाव बनाए ताकि पाकिस्तान में रहने वाले सिख परिवारों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाया जाएं। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान उच्चायोग को मांगपत्र भी सौंपा जिसमें मांग की गई कि पाकिस्तान सरकार कानून लागू करने वाली एजेंसियों की असफलता के पीछे के कारण बताए। ननकाना साहिब पर पथराव के लिए जिम्मेदार लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान सरकार ने कदम नहीं उठाया तो फिर सिख समुदाय के लोग सीधा ही इन गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करेगा जिसने ननकाना साहिब गुरुद्वारे में पथराव किया। गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता बरकरार रखने के लिए किसी भी तरह की कुर्बानी देने को तैयार है।

काली पगड़ी बांधकर किया विरोध-प्रदर्शन

पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे में हमले से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान उच्चायोग पर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने काली पगड़ी बांध कर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। दोपहर बाद तीन बजे प्रदर्शनकारी तीन मूर्ति पर हाथ में तिरंगा झंडा लेकर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पाकिस्तान होश में आओ, भारतीयों को मत सताओ, नारे लगाते हुए पाकिस्तान उच्चायोग की ओर आगे बढ़े लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। भीड़ अनियंत्रित होने पर पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया व उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान का झंडा भी जलाया।

सड़क पर लगाया लंगर 

वहीं, दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में सिख समुदाय ने सड़क पर ही लंगर लगाकर विरोध जताया। सिख समुदाय ने लोगों को सड़क पर ही लोगों को लंगर कराया। बता दें कि इसी इलाके में पाकिस्तानी दूतावास है। इससे पहले सिख समुदाय ने दूतावास के सामने विरोध-प्रदर्शन भी किया। 
विज्ञापन

 
 

राहुल गांधी ने भी की निंदा

कांग्रेस नेता राहुला गांधी ने भी ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुए हमले की निंदा की। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- गुरुद्वारे पर हमले की घटना निंदनीय है। कट्टरता बेहद खतरनाक है। यह ऐसा जहर है, जिसकी कोई सीमा नहीं होती।

हरदीप पुरी की सीएए विरोधियों को नसीहत

वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि ननकाना साहिब की घटना के बाद नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध करने वालों की आंखें खुल जानी चाहिए। इस घटना से साफ होता है कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों को कितनी मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं।

सुखबीर बादल ने की निंदा

पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरुद्वारा पर भीड़ द्वारा हमले की निंदा करते हुए शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने शनिवार को कहा कि ऐसे हमलों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सुखबीर ने कहा कि यह निंदनीय कृत्य है। हम अपने धार्मिक स्थानों पर ऐसे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कांग्रेस-भाजपा का प्रदर्शन

कांग्रेस की युवा इकाई और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर भीड़ के हमले के खिलाफ दिल्ली पाकिस्तानी उच्चायोग के निकट प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' और इमरान खान मुर्दाबाद के नारे लगाए।

वहीं, भाजपा के कई सदस्यों ने इस घटना को लेकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। उन्हें चाणक्यपुरी थाने के पास रोक दिया गया। 

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति पाकिस्तान भेजेगी प्रतिनिधिमंडल

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह लोंगोवाल ने कहा कि हम चार सदस्यीय एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान भेज रहे हैं। वे पाकिस्तानी सूबे के गवर्नर से मुलाकात कर हालात का जायजा लेंगे। 

विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें