दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के मामले पहले से कम हो गए हैं। इसके साथ ही कई देशों में कोरोना टीकाकरण भी शुरू किया जा चुका है, लेकिन कई देशों में कोरोना के नए स्ट्रेन का संक्रमण अब भी तेजी से फैल रहा है। कोरोना के नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए वायरस के जीनोम अनुक्रमण की जांच करनी पड़ती है, जिसकी रिपोर्ट आने में 36 से 48 घंटे का समय लगता है। हालांकि, अब भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा विकसित परीक्षण किट ‘रे’ एक घंटे के अंदर ही कोरोना वायरस का पता लगाने में सक्षम है।
कोरोना वायरस का नया प्रकार पिछले वेरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक है। ऐसे में भारत में इसके प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने यूके से सभी उड़ानों को निलंबित कर रखा है। बता दें, जनवरी में लगभग दो दर्जन देशों से आए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट की जांच के लिए जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशालाओं का एक संघ स्थापित किया गया था। इन प्रयोगशालाओं में यात्रियों से एकत्रित किए गए सैंपल की जांच के लिए जीनोम अनुक्रमण किया जाता है। जीनोम अनुक्रमण खून से लिए गए डीएनए के नमूने का विश्लेषण करने की एक प्रक्रिया है।