साल 2008 में अहमदाबाद में अंजाम दिए गए सीरियल बम धमाकों के आरोपी नासिर रंगरेज को दबोच लिया गया है। गुजरात एटीएसएस ने कर्नाटक से रंगरेज को दबोचा। करीब 8 साल से फरार चल रहा आरोपी पुलिस को अब तक चकमा देता रहा।
अहमदाबाद में 26 जुलाई 2008 को सिलसिलेवार 21 बम धमाकों को अंजाम दिया गया था, जिनकी चपेट में आकर 56 लोगों की जान चली गई थी।
70 मिनट के दौरान हुए बम धमाकों में 200 लोग घायल हुए थे। हालांकि बम धमाकों को कम तीव्रता का बताया गया था। ऐसे ही धमाके एक दिन पहले बंगलुरु में हुए थे।
आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन और हरकत-उल-जिहाद-अल-इस्लामी ने बम धमाकों की जिम्मेदारी ली थी। गुजरात पुलिस ने इन धमाकों के संदिग्ध मास्टरमाइंड मुफ्ती अबू बशीर के साथ नौ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अगले ही दिन झारखंड में बम धमाके हुए थे।
अहमदाबाद में टिफिन बॉक्स में बम रखे गए थे, जिन्हें साइकिल के कैरियर पर प्लांट कर धमाकों को अंजाम दिया गया था। ऐसे ही धमाके साल 2008 में मई के महीने में जयपुर में भी किए गए थे।
आठ वर्षों बाद आरोपी नासिर रंगरेज का पकड़ा जाना इस बमकांड के कई और राज खोल सकता है।