पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस दो अक्तूबर को राजघाट पर अपने सांसदों और राज्य मंत्रियों के साथ शांतिपूर्ण धरना देगी और अगले दिन मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) जॉब कार्ड धारकों की एक रैली आयोजित करेगी। दोनों कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। टीएमसी के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा, आज बैठक में तय हुआ कि कल 1:30 बजे हम राजघाट पर एकत्रित होंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मेरे घर पर बैठक होगी और हम तीन अक्तूबर की रणनीति बनाएंगे, उस दिन हम 10-11 बजे के बीच जंतर-मंतर पर सत्याग्रह करेंगे।
उन्होंने बताया कि रेलवे ने रैक की अनुपलब्धता का हवाला देते हुए श्रमिकों को दिल्ली ले जाने के लिए विशेष ट्रेनों को किराए पर लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद क्षेत्रीय पार्टी द्वारा बसों को जुटाया गया है। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि ट्रेनों को न चलाया जाना और दिल्ली जाने वाली एक उड़ान को रद्द करना सत्तारूढ़ भाजपा पार्टी द्वारा उसके प्रदर्शन को बाधित करने के प्रयास का हिस्सा है।
नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले यहां एनएससीबीआई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'जब तक केंद्र बंगाल के लोगों का सही बकाया जारी नहीं करता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।'तृणमूल कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राज्य सरकार ने दिसंबर 2022 में लाभार्थियों की सत्यापित सूची भेजी थी, लेकिन केंद्र ने अभी तक भुगतान नहीं किया है।
उन्होंने कहा, 'अगर कोई 100 दिन के काम या आवास योजना में भ्रष्टाचार का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए, लेकिन लाभार्थियों को पैसा देना क्यों रोका जाता है?' भाजपा का कहना है कि अनियमितताओं के कारण भुगतान रोका गया है।
अभिषेक बनर्जी ने बांकुड़ा जिले में हाल ही में कच्चे मकान के ढहने से तीन बच्चों की मौत के बाद केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह की गिरफ्तारी की भी मांग की और दावा किया कि अगर परिवार को सरकारी आवास योजना के तहत उचित वित्तीय सहायता मिली होती तो इन मौतों को टाला जा सकता था।
तृणमूल नेता ने कहा, 'यह एक बार फिर बंगाल के प्रति भाजपा के सौतेले रवैये को दिखाता है।' डायमंड हार्बर से सांसद ने कहा, 'यह साबित हो गया है कि भाजपा बंगाल के लोगों के बकाये का भुगतान जबरन रोक रही है।'