आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि भाजपा कन्वर्जन शुल्क के नाम पर धोखा दे रही है। पहले तो उसने लोकसभा चुनाव में व्यापारियों से यह कहकर उनका वोट लिया कि कन्वर्जन शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है, लेकिन अब लोगों को कन्वर्जन शुल्क के नोटिस भेजे जा रहे हैं।
समय पर यह नोटिस पूरा न करने पर व्यापारियों को आर्थिक दंड देने की बात भी कही जा रही है। व्यापारियों से होने वाली इस धोखाधड़ी को रोका जाना चाहिए।
सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि राजधानी के हर चुनाव से पहले व्यापारियों के ऊपर सीलिंग का डर दिखाया जाता है, बाद में उसे राहत देने के नाम पर राजनीति की जाती है। लेकिन जब चुनाव बीत जाता है तब उन्हीं व्यापारियों को कन्वर्जन शुल्क चुकाने के लिए नोटिस पकड़ा दिया जाता है।
आप नेता ने कहा कि भाजपा को अपना चेहरा साफ करना चाहिए कि वह लोकसभा चुनाव में लोगों के सामने असली रूप में थी या अब जबकि वह व्यापारियों को कन्वर्जन शुल्क देने का नोटिस पकड़ा रही है।
आप नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली के व्यापारियों और सामान्य लोगों से कन्वर्जन शुल्क के नाम पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने लगभग 1007 करोड़ रूपये की भारी भरकम वसूली की है। लेकिन इस पैसे का कहां और कैसे इस्तेमाल किया गया, इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस खाते में अब केवल 1.55 करोड़ रुपये ही बचे हैं। उन्होंने कहा कि हमेशा पैसे की कमी की बात कहने वाली भाजपा को दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि इस पैसे का खर्च कब और कहां किया गया।