अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे की जांच कर रहे एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने एअर इंडिया के पूर्व संचालन निदेशक और अनुभवी पायलट कैप्टन आरएस संधू को जांच में विशेषज्ञ के रूप में शामिल किया है। यह जानकारी सूत्रों ने रविवार को दी है। कैप्टन संधू बोइंग 787-8 विमान के लिए नामित परीक्षक भी रह चुके हैं। खास बात यह है कि उन्होंने 2013 में उस विमान वीटी-एएनबी को एअर इंडिया के लिए डिलीवर किया था, जो इस हादसे में शामिल था।
यह भी पढ़ें -
AI Plane Crash: विदेशी मीडिया के झूठे कवरेज पर बरसे उड्डयन मंत्री नायडू, कहा- AAIB की जांच पर हमें पूरा भरोसा
जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम
सूत्रों के अनुसार, एएआईबी ने कैप्टन आरएस संधू से संपर्क कर उन्हें जांच टीम में बतौर डोमेन एक्सपर्ट (विशेषज्ञ) शामिल होने का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। संधू करीब 39 वर्षों तक एयर इंडिया में कई जिम्मेदारियों पर कार्यरत रहे। वे एवियाजियोन नाम के एविएशन कंसल्टेंसी फर्म के संस्थापक भी हैं और उन्होंने टाटा समूह की कई एयरलाइनों के एकीकरण में भी अहम भूमिका निभाई थी।
पायलट यूनियनों ने की थी मांग
कई पायलट यूनियनों, खासकर एएलपीए इंडिया (एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया) ने पहले ही चिंता जताई थी कि जांच में विशेषज्ञों को शामिल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की थी कि जांच में अनुभवी पायलटों को शामिल किया जाए ताकि निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सटीक जांच हो सके।
जांच टीम में कौन-कौन?
एएआईबी की पांच सदस्यीय टीम का नेतृत्व 56 वर्षीय संजय कुमार सिंह कर रहे हैं। इसके अलावा, जांच में अनुभवी पायलट, इंजीनियर, एविएशन मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोवैज्ञानिक और फ्लाइट रिकॉर्डर विशेषज्ञों को शामिल किया गया है, ताकि हर क्षेत्र में बारीकी से जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें -
AI Plane Crash: अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने किया AAIB की जांच का समर्थन, कहा- अटकलें न लगाएं
अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसा
12 जून को एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक इमारत से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में 260 लोगों की जान गई, जिनमें 19 लोग जमीन पर मौजूद थे। विमान में सवार 242 यात्रियों में से सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बच पाया, इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल है। एएआईबी ने इस हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट 12 जुलाई को जारी की थी।