महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने 47 साल के एक अधेड़ को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने 80 साल के पिता द्वारा पुनर्विवाह करने की मंशा से नाराज होकर पिसाई के पत्थर से सिर कुचलकर उनकी नृशंस हत्या कर दी थी।
पुणे पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात 6 दिसंबर को हुई थी। आरोपी शेखर बोरहाड़े की गिरफ्तारी के साथ वारदात का अब राजफाश हुआ। पुलिस का कहना है कि उसी ने अपने पिता शंकर रामभाउ बोरहाड़े की जघन्य तरीके से हत्या की थी।
आरोपी शेखर पुणे के राजगुरुनगर वैशम्पयानालि क्षेत्र की एक हाउसिंग सोसायटी में रहता है, उसके बुजुर्ग पिता दोबारा शादी करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने एक मैरिज ब्यूरो में रजिस्ट्रेशन कराया था। इससे नाराज होकर शेखर ने चाकू से उनका गला रेत दिया और फिर पिसाई के पत्थर से सिर कुचल दिया। आरोपी ने राजगुरुनगर थाने में दर्ज कराए बयान में कबूल किया है कि जब उसे पता चला कि उसके पिता पुनर्विवाह करना चाहते हैं तो वह गुस्से में आ गया और उन्हें मार डाला। आरोपी हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा था।